मेवाड़-वागड़वासियों को बड़ी सौगात: 16 फरवरी से पटरियों पर दौड़ेगी ‘वंदे भारत’, मात्र 4 घंटे में पहुंचेगी अहमदाबाद

​डूंगरपुर: मेवाड़ और वागड़वासियों के लिए 16 फरवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है. लंबे इंतजार के बाद भारतीय रेलवे ने उदयपुर से अहमदाबाद (असारवा) के बीच अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी के लिए उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है. सांसद डॉ. रावत ने हाल ही में दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात कर इस ट्रेन को जल्द शुरू करने की पुरजोर मांग की थी, जिस पर केंद्र सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है.

​सूरत तक विस्तार की तैयारी

​सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने खुशी जताते हुए कहा कि यह ट्रेन न केवल उदयपुर और अहमदाबाद के बीच की दूरी कम करेगी, बल्कि आने वाले समय में इसे सूरत तक बढ़ाने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि इस हाईस्पीड ट्रेन के संचालन से मेवाड़ और गुजरात के बीच व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक संबंधों को एक नई ऊंचाई मिलेगी. विशेषकर उदयपुर से मुंबई और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन एक सुगम सेतु का कार्य करेगी.

​समय सारणी और रूट

​सप्ताह में छह दिन संचालित होने वाली यह वंदे भारत ट्रेन अपनी गति और सुविधाओं से यात्रियों का सफर आरामदायक बनाएगी:

​उदयपुर से रवानगी : सुबह 06:10 बजे
​असारवा आगमन : सुबह 10:25 बजे
​वापसी (असारवा से) : शाम 05:45 बजे
​उदयपुर आगमन : रात 10:00 बजे

​इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

​अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन मुख्य रूप से जावर माइंस, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी. इन ठहरावों से न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा. डूंगरपुर और हिम्मतनगर जैसे आदिवासी बहुल और व्यापारिक केंद्रों के लिए यह ट्रेन विकास की नई इबारत लिखेगी.

​सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि उदयपुरवासियों के लिए यह एक बड़ा तोहफा है. इस ट्रेन से कनेक्टिविटी बेहतर होने से पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे. हमारा अगला लक्ष्य इसे सूरत तक ले जाना है ताकि कपड़ा व्यापारियों और प्रवासियों को और अधिक सुविधा मिल सके.

close