बर्थडे की रात बना मौत का जाल! शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने युवती की हत्या कर शव रेत में दफनाया

महासमुंद जिले में 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि शादी का दबाव बनाए जाने से परेशान नाबालिग प्रेमी ने युवती की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को नाले की रेत में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

शादी का वादा कर बुलाया, फिर पत्थर से किया हमला

पुलिस जांच के अनुसार, युवती और नाबालिग आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। युवती लगातार शादी करने की बात कह रही थी, जबकि आरोपी इससे पीछा छुड़ाना चाहता था। उसने युवती को शादी का भरोसा देकर जन्मदिन की रात मिलने के लिए बुलाया। दोनों की मुलाकात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पहले शारीरिक संबंध बनाए और फिर युवती से आंखें बंद करने को कहा। इसके बाद उसने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेत में दफन मिला शव, जांच में खुला राज

घटना के कुछ दिन बाद गांव के पास नाले की रेत में दबा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकलने और बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान लापता युवती के रूप में की। घटनास्थल से युवती का बैग, लेगिंग्स, बालों के गुच्छे और अन्य सामान भी बरामद किया गया, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि वह शादी के दबाव से परेशान था और इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है, जबकि मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com