श्मशान घाट के सन्नाटे में सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने मारी रेड, 8 जुआरी गिरफ्तार

धमतरी : जहां आमतौर पर श्मशान घाट का सन्नाटा लोगों को जीवन की सच्चाई याद दिलाता है. वहीं उसी सन्नाटे की आड़ में जुए की महफिल सज रही थी. लेकिन वयम् भारत में लगातार सामने आ रही खबरों के बाद पुलिस हरकत में आई और भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा बी के पास चल रहे जुए के अड्डे पर कार्रवाई कर दी.
सूत्रों के मुताबिक सेमरा बी के श्मशान घाट के आगे स्टॉप डेम के पास कुछ लोग रात के अंधेरे में 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे थे. सूचना मिलते ही भखारा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की.
पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. लेकिन मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेल रहे 8 लोगों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया.
4.20 लाख का सामान जब्त
रेड के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से
- ₹9,000 नगद
- 52 पत्ती ताश
- 06 मोटरसाइकिल
- 01 हीरो मेस्ट्रो स्कूटी
- 01 टीवीएस एक्सएल
- 08 मोबाइल फोन
जब्त किए हैं. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने लोकेश कुमार सिन्हा, मयंक सिन्हा, भुपेश्वर सिन्हा, हसन खान, छबि सोनकर, राजू साहु, कमलेश सोनकर और राजेश साहु को गिरफ्तार किया है. इनमें कुछ आरोपी भखारा क्षेत्र के हैं. जबकि दो आरोपी दुर्ग जिले के बताए जा रहे हैं.
कानूनी कार्रवाई
भखारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 28/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.











