इटावा: भरथना-बिधूना रोड पर खड़ी कार में लगी भीषण आग, सीएनजी किट के कारण उठीं ऊंची लपटें; धमाकों से दहला इलाका

इटावा: जिले के भरथना-बिधूना रोड पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सती मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी एक मारुति ओमनी कार में अचानक भीषण आग लग गई. कार में सीएनजी किट लगी होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक दुकान के बाहर खड़ी थी. अचानक उसमें शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते कार से धुआं निकलने लगा. कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. सीएनजी किट होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और गैस पाइपलाइन फटने से कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं.
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कार के टायर तेज धमाकों के साथ एक-एक कर फटने लगे. धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए. इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग दूर खड़े होकर आग बुझने का इंतजार करते रहे, क्योंकि आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब 26 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि आग लगते ही दुकान मालिक अपनी दुकान बंद कर वहां से चला गया, जबकि कार चालक भी मौके से गायब हो गया.
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि कार पूरी तरह जल चुकी है. नंबर प्लेट और चेसिस नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग और धमाकों से आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत बनी रही.










