नदी में झाड़ियों के बीच मिला क्षत-विक्षत शव:भाई बोला- आंखें फोड़ीं, शरीर पर चोटों के निशान; 20 दिन पहले काम से निकला था

बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में रतनपुरा पुलिया के पास लूणी नदी में बुधवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। शव नदी के बीच बबूल की झाड़ियों में पड़ा था। सिर और कान से निकला खून जम चुका था, जबकि शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंचे और शव की पहचान वेहनाराम (42) पुत्र महादेवाराम निवासी आमलियाला, वांकलनगर के रूप में की। पुलिस ने शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

20 दिन पहले काम पर गया, 26 जून से था लापता

मृतक के चचेरे भाई आंबाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वेहनाराम करीब 20 दिन पहले सांचौर में एक टेंट हाउस में काम करने गया था। वहां से 26 जून की सुबह रवाना हुआ था। परिचितों ने उसे उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे गुड़ामालानी पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों का आरोप- हत्या कर शव नदी में फेंका

मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से लूणी नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसकी पहचान वेहनाराम के रूप में की। उनका कहना है कि शव से बदबू आ रही थी और वह दो-तीन दिन पुराना लग रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने हत्या करने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को लूणी नदी में फेंक दिया।

भाई बोला- आंखें फोड़ीं, शरीर पर कई जगह चोटें

आंबाराम ने रिपोर्ट में बताया कि वेहनाराम के सिर पर गहरी चोट थी। सिर और कान से खून निकलकर जम गया था। शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे और मुंह भी खून से लथपथ था। परिजनों का आरोप है कि उसकी आंखें भी फोड़ दी गई थीं। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम

गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com