सैफई में सनसनी: सोता समझकर बोलेरो में उड़ेल दिया पेट्रोल, पत्नी की सूझबूझ से बची जान

इटावा: इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम विष्णुपुर में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहाँ एक युवक को जिंदा जलाने की नियत से उसकी बोलेरो गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. गनीमत यह रही कि घटना से महज आधे घंटे पहले ही युवक गाड़ी से निकलकर घर जा चुका था, वरना एक बड़ी अनहोनी घट सकती थी. पीड़ित ने गाँव के ही छह दबंगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और रंजिश के तहत पुलिस को तहरीर दी है.

​विष्णुपुर निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि 14 मार्च की रात उनका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था. घर में कहासुनी से आहत होकर प्रमोद रात करीब 10 बजे घर से निकल गए और पास ही सड़क किनारे खड़ी अपनी बोलेरो गाड़ी में जाकर सो गए. उन्हें लगा कि रात का समय शांति से गाड़ी में ही बिताएंगे. ​प्रमोद के अनुसार, उनकी पत्नी उन्हें मनाकर वापस ले जाने के लिए रात करीब 11:30 बजे गाड़ी के पास पहुँची. काफी मिन्नतें करने के बाद प्रमोद गाड़ी से उतरे और पत्नी के साथ वापस घर चले गए.

​घटना के मोड़ तब आया जब प्रमोद के घर जाने के ठीक आधे घंटे बाद, यानी करीब 12 बजे, कुछ अज्ञात हमलावर (जिन्हें प्रमोद ने पुरानी रंजिश वाले ग्रामीण बताया है) मौके पर पहुँचे. हमलावरों को लगा कि प्रमोद अभी भी गाड़ी के भीतर गहरी नींद में सो रहे हैं. इसी गलतफहमी का फायदा उठाकर उन्होंने पूरी गाड़ी पर पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले कर दिया. ​धूँ-धूँ कर जलती बोलेरो को देखकर आसपास के ग्रामीण शोर मचाते हुए दौड़े.

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गाड़ी का बाहरी हिस्सा और टायर बुरी तरह जलने लगे.  ग्रामीणों ने आनन-फानन में बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया और मामले की सूचना डायल 112 को दी. ​सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया. पुलिस को मौके से पेट्रोल की खाली बोतलें और ज्वलनशील पदार्थ के अवशेष मिले हैं, जो यह साफ संकेत देते हैं कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी.

​प्रमोद कुमार ने अपनी तहरीर में गाँव के ही 6 लोगों को नामजद किया है. प्रमोद का आरोप है कि इन लोगों के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते वे उसे जान से मारना चाहते थे. उन्हें लगा कि वह गाड़ी के अंदर सो रहे हैं, इसलिए उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की गई.

​थाना प्रभारी सैफई ने बताया तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर दी गई है. मौके से मिले सबूतों और रंजिश के दावों की बारीकी से जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ​फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी प्रमोद के घर से निकलने की बात जानते थे या यह महज एक इत्तेफाक था जिसने प्रमोद की जान बचा ली. गाँव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close