एक सुसाइड नोट और 5 नामजद आरोपी! आधी रात को कोतवाली का घेराव, मौत के इस खेल में कौन असली कातिल?

फतेहपुर :सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा मोहल्ले में बुधवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान के कमरे से खून से लथपथ तीन शव बरामद हुए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.देर रात मौके पर पहुंचे एडीजी प्रयागराज जोन और आईजी ने पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल की.मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी, जिसमें चार-पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

पुलिस के अनुसार मृतक अमर बिस्किट, चॉकलेट और चीनी का सप्लायर था.सुसाइड नोट में उसने आरोप लगाया है कि कुछ लोग कर्ज के नाम पर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और फर्जी SC/ST एक्ट में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे.इसी मानसिक दबाव में उसने पहले अपनी मां और चाची की ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद सल्फास खाकर व गला काटकर आत्महत्या कर ली.

घटना के बाद पुलिस ने सुसाइड नोट में लिखे नामों के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.देर रात जब पुलिस कुछ लोगों को कोतवाली लाई तो बड़ी संख्या में अधिवक्ता वहां पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए कोतवाली का घेराव कर दिया.अधिवक्ताओं का आरोप था कि पुलिस निर्दोष लोगों को फंसाने का प्रयास कर रही है.
अधिवक्ता धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना के समय उनका एक साथी उनके साथ मौजूद था, इसलिए किसी निर्दोष को इस मामले में न घसीटा जाए.

उधर पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सुशील श्रीवास्तव की तहरीर पर BNS की धारा 108 के तहत पांच लोगों—पप्पू उर्फ दिलीप त्रिवेदी, संजय सिंह, शुभम, सोनू और राहुल श्रीवास्तव—के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है.

सुसाइड नोट में अमर ने लिखा है कि संजय सिंह ने लोगों को उसके खिलाफ भड़काया, जबकि पप्पू उर्फ दिलीप त्रिवेदी ने सामान का पैसा दबा लिया.इसके बाद किसी तरह उसने दोबारा सप्लाई का काम शुरू किया, लेकिन शुभम और सोनू ने जानबूझकर उसका नुकसान करवाया.वहीं राहुल श्रीवास्तव पर चेक लेकर ब्लैकमेल करने और फर्जी SC/ST मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.

एडीजी प्रयागराज ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है.जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com