एक ट्रक, 40 पैकेट और 6 करोड़ का नशा! बलरामपुर में इंटरस्टेट गांजा रैकेट बेनकाब

बलरामपुर–रामानुजगंज :बलरामपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 06 करोड़ रुपये मूल्य का 1198.460 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है.गांजा एक टाटा ट्रक में नारियल की भूसी के नीचे छिपाकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था.पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर 28 दिसंबर की रात सरहदी इलाके में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया.तलाशी के दौरान ट्रक में भरे नारियल भूसी के नीचे 40 पैकेट गांजा बरामद हुआ.जब्त गांजे का कुल वजन 1198.460 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई गई है.वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है.

गिरफ्तार आरोपियों मे अमरीश कुमार (23), निवासी पूरे पहलवान शेरशाह समरेता, थाना महाराजगंज, जिला रायबरेली (उ.प्र.),अवनीश कुमार पटेल (33), निवासी शाह मोहम्मदपुर, थाना नगराम, लखनऊ (उ.प्र.)तथा मनीष कुमार (20), निवासी मेनहदर, थाना शिवरतनगंज, जिला अमेठी (उ.प्र.)शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देशन में की गई. जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर के सूचना के आधार पर ट्रक में अवैध गांजा तस्करी की जांच की गई थी जिसमें अवैध रूप से गांजा तस्करी किया जा रहा था जहां लगभग मार्केट मूल्य के अनुसार 6 करोड़ रूपये के गांजे को जाप किया है वही इंड टू इंड कार्रवाई भी पूरे प्रकरण में की जाएगी.

close