छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने के साथ गर्मी की शुरुआत हो गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव के कारण अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि 15 मार्च को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

मौसम में बदलाव का कारण उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक बनी एक ट्रफ लाइन को बताया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है और वातावरण में नमी खींच रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जब उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं और दक्षिण से आने वाली नमी वाली गर्म हवाएं इस ट्रफ लाइन पर मिलती हैं, तो बादल बनते हैं और अचानक गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन जाती है।

बस्तर क्षेत्र में भी अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com