रीवा में सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत, 8 दिन की नवजात बच्ची की माँ थी मृतका…

रीवा: जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिश्रगवां में आज रविवार की तड़के 5 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ पेट्रोल पंप के समीप सड़क पार कर रही एक महिला को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी.
इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान अनीता साकेत (पति शैलेंद्र साकेत) के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:00 बजे की है. अनीता साकेत अपनी सास के साथ शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं. जैसे ही वह सड़क पार करने के लिए बीच रास्ते पर पहुँचीं, तभी एक अज्ञात वाहन (संभावित तूफान गाड़ी) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनीता उछलकर दूर जा गिरीं. शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.
परिजनों ने बताया कि मृतका की मात्र 8 दिन की एक नवजात बच्ची है. घटना के समय बच्ची अपनी दादी (अनीता की सास) की गोद में थी, जिसके कारण उसकी जान बच गई.
परिजनों ने घायल अवस्था में अनीता को तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.










