स्नैपचैट पर प्यार का झांसा देकर 65 हजार की ठगी, युवती बनकर बात करने वाला निकला युवक

रायपुर में सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। स्नैपचैट पर युवती बनकर दोस्ती करने वाले एक युवक ने पांच महीने तक बातचीत कर एक अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत युवक से 65 हजार रुपए ठग लिए। जब पीड़ित उससे मिलने बताए गए पते पर पहुंचा तो उसे पता चला कि जिस युवती से वह बात कर रहा था, वह वास्तव में एक युवक है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के केवटाडीह निवासी 23 वर्षीय धनश्याम साहू रायपुर के एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत है और शहर के एक हॉस्टल में रहता है। उसकी पहचान 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर ‘थनवी साहू’ नाम की आईडी से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने खुद को युवती बताते हुए निजी परेशानियों का हवाला देकर अलग-अलग जरूरतों के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी।

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच उसने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 65 हजार रुपए आरोपी द्वारा बताए गए खाते में भेज दिए।

बाद में जब पीड़ित कथित युवती से मिलने गरियाबंद जिले के ग्राम बासीन पहुंचा तो उसे पता चला कि ‘थनवी साहू’ नाम की फर्जी आईडी का संचालन अमन साहू नाम का युवक कर रहा था। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित ने पहले राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद पंडरी थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com