बरेली: ससुराल आए युवक की ट्रेन से कटकर हुई मौत, घर में मचा कोहराम

बरेली: भोजीपुरा से दर्दनाक खबर सामने आई है. ग्राम दभौरा के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट ट्रेन की चपेट में आने से दिल्ली निवासी युवक करन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. युवक अपनी ससुराल नामकरण संस्कार में आया था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम दभौरा में रेलवे क्रॉसिंग से करीब 70 कदम की दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हुआ. दोपहर काठगोदाम-लखनऊ ट्रेन संख्या 15044 की चपेट में आने से 23 वर्षीय करन सिंह की जान चली गई. जानकारी के मुताबिक, करन सिंह पुत्र पप्पू, निवासी लाल बिहार, नागलोई, दिल्ली, अपनी पत्नी सविता के साथ अपने साले के बेटे के नामकरण संस्कार में दभौरा आया था.
बताया जा रहा है कि करन करीब डेढ़ बजे घर से निकला था और किसी तरह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया, जहां तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे कुचल दिया. घटना की सूचना गेटमैन जाकिर हुसैन ने तुरंत 112 पर दी. इसके बाद उप निरीक्षक संदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
करन का परिवार मूल रूप से फतेहगंज पश्चिमी के लोहार नगला में रहता था. उसके पिता की करीब 20 साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी और कुछ समय बाद मां का भी निधन हो गया. इसके बाद करन अपने ताऊ ताराचंद के पास दिल्ली चला गया और वहीं फर्नीचर का काम करता था.
करन की शादी 24 नवंबर 2024 को दभौरा में हुई थी. खास बात यह है कि उसी दिन उसकी बहन पिंकी की भी शादी ग्राम रसुलिया में एक ही मंडप में हुई थी. करन का एक 15 वर्षीय छोटा भाई भी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल इसे ट्रेन दुर्घटना मानकर कार्रवाई की जा रही है.











