रायपुर की आस्था ने बनाया AI लर्निंग टूल, UPSC छात्रों की तैयारी होगी आसान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ की एक युवती तकनीक के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है। रायपुर की 29 वर्षीय आस्था मानिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करते हुए UPSC की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए AI आधारित लर्निंग टूल तैयार कर रही हैं।
आस्था ने डिजिटल स्किल्स और AI की समझ किसी विशेष कोर्स से नहीं बल्कि इंटरनेट और अपने अनुभव से हासिल की। उन्होंने बताया कि अगर सीखने की इच्छा हो तो इंटरनेट सबसे बड़ा शिक्षक बन सकता है। आज वह तकनीक और शिक्षा को जोड़ने वाले कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं।
आस्था का बचपन रायपुर में बीता। शुरुआती पढ़ाई एक प्राइवेट इंग्लिश स्कूल से करने के बाद उन्होंने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई विशाखापट्टनम से पूरी की। इसके बाद पुणे यूनिवर्सिटी से BBA-IB की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वह गुरुग्राम में रहकर AI जर्नलिस्ट के रूप में काम कर रही हैं।
आस्था ने बताया कि उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग सीखने के लिए कोई खास कोर्स नहीं किया। उन्होंने यूट्यूब और इंटरनेट की मदद से खुद सीखना शुरू किया और जो भी सीखा उसे लगातार प्रैक्टिकल में लागू किया। इसी अनुभव के आधार पर उन्हें पहली नौकरी मिली।
UPSC छात्रों की पढ़ाई और मानसिक तनाव को समझते हुए आस्था ने अपने भाई अनुराग मानिक के साथ मिलकर AI आधारित सिस्टम तैयार किया। यह सिस्टम न्यूजपेपर से UPSC से जुड़ी जरूरी जानकारी को अपने आप निकालकर व्यवस्थित कर देता है, जिससे छात्रों और शिक्षकों का काफी समय बच सकता है।
इन दिनों आस्था ‘Padhle AI’ नाम के नए प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। इसका उद्देश्य सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए AI आधारित स्मार्ट लर्निंग प्लेटफॉर्म तैयार करना है, ताकि कम समय में बेहतर तैयारी संभव हो सके।
इसके अलावा नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन में आस्था और उनके भाई ने ‘कर्तव्य’ नाम का AI एप तैयार किया। यह एप AI से बनाई गई आवाज और असली आवाज के बीच अंतर पहचानकर डिजिटल फ्रॉड का पता लगाने में मदद करता है। इस प्रतियोगिता में देशभर से 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें उनकी टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
आस्था का कहना है कि लड़कियों को तकनीक से डरने की जरूरत नहीं है। नई तकनीक सीखकर वे अपने लिए नए अवसर बना सकती हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।











