नेशनल फुटबॉल प्लेयर से छेड़छाड़: आरोपी गिरफ्तार, पिता को कॉल कर बचाई जान

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में नेशनल स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती पर एमपी से आए युवक ने रास्ता रोककर जबरन साथ चलने का दबाव बनाया। आरोपी ने हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और भागकर अपने पिता को फोन किया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान कुशल पारीहार के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश से दुर्ग आया था। आरोपी ने रास्ते में युवती को रोककर उससे जबरन बातचीत करने और साथ चलने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने युवती से हाथापाई की। घबराई युवती ने मौका पाकर वहां से भागकर अपने पिता को फोन किया और पूरी घटना बताई।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।











