नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये ठगे, आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर, 19 सितंबर 2026। नौकरी लगाने का झांसा देकर करीब 11 लाख रुपये की रकम लेने और नौकरी नहीं लगाने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उमेश मानिकपुरी (45 वर्ष) निवासी सूर्यनगर, थाना गुढ़ियारी रायपुर, हाल मुकाम हनुमान चौक, एक्सप्रेस कॉलोनी, डिपरापारा रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी लहनेदास मासुलकर ने 25 अगस्त 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उमेश मानिकपुरी ने नौकरी लगाने के नाम पर उससे करीब 11 लाख रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई और रकम भी वापस नहीं की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 473/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी उमेश मानिकपुरी को 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड लिया। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अन्य लोगों से भी रकम लेने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर रकम प्राप्त की थी। इसके अलावा थाना नेवई क्षेत्र में भी धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में आरोपी की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर नौकरी लगाने और नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों से रकम हासिल करता था। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, सरकारी नियुक्ति या किसी अन्य लाभ का झांसा देकर रकम मांगने वाले लोगों से सावधान रहें और किसी भी लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति एवं दावे का सत्यापन करें। संदिग्ध लेन-देन या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close