अवैध खाद परिवहन पर कार्रवाई: 197 बैग बायो पोटाश और ग्रो सुपर से भरा ट्रक पकड़ा गया

राजनांदगांव जिले में अवैध खाद और कृषि सामग्री के परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। कृषि विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 197 बैग खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया। यह खाद बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन की जा रही थी। यह कार्रवाई राजनांदगांव ब्लॉक के ग्राम परसबोड़ में की गई।
कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम परसबोड़ में एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध रूप से खाद की खेप लाई गई है। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां ट्रक नंबर OD 17 S 7676 खड़ा पाया गया।
ट्रक की तलाशी में 197 बैग खाद बरामद
टीम ने जब ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में खाद लोड थी। ट्रक में कुल 197 बैग खाद बरामद की गई, जिसमें 37 बैग बायो पोटाश और 160 बैग ग्रो सुपर (दानेदार) शामिल थे।
कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा जब ट्रक के ड्राइवर से खाद के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, बिल या परमिट की मांग की गई, तो ड्राइवर कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पूछताछ करने पर ड्राइवर ने बताया कि वह इस खाद की खेप को संबलपुर (ओडिशा) से लोड करके लाया था और उसे इसे राजनांदगांव में खाली करने के निर्देश दिए गए थे। बिना किसी वैध कागजात के खाद का यह परिवहन पूरी तरह अवैध पाया गया।
खाद सहित ट्रक को जब्त
वैध दस्तावेजों के अभाव और अवैध परिवहन का मामला पाए जाने पर कृषि विभाग की टीम ने तत्काल जब्ती की कार्रवाई की। खाद सहित ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सोमनी को सुपुर्द कर दिया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मामले में सोमनी पुलिस जांच कर रही है कि जब्त की गई खाद राजनांदगांव में किसके पास पहुंचाई जानी थी।











