छात्राओं के पैदल मार्च के बाद प्रशासन का एक्शन, प्राचार्य हटाए गए; छात्रावास अधीक्षिका को नोटिस

शिवपुर स्थित कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं के बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर पैदल मार्च के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले पर नाराजगी जताते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा की और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को पद से हटाकर सहायक आयुक्त कार्यालय, आदिवासी विकास में अटैच कर दिया गया है। वहीं छात्रावास अधीक्षिका आयुषी सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच समिति गठित

मामले की जांच के लिए संयुक्त कलेक्टर, सरगुजा की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति विद्यालय की व्यवस्थाओं और सामने आई शिकायतों की जांच करेगी। प्रशासन ने विद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को भी कलेक्टर के अनुमोदन से जोड़ दिया है।

आवासीय विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिले के सभी आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करना है, ताकि छात्राओं को दोबारा ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close