अवैध कब्जे पर प्रशासन का एक्शन, रिसॉर्ट के लिए पहाड़ काटकर बनाए गए रास्ते पर चला बुलडोजर

सोमनी इलाके के झूराडबरी में अवैध प्लाटिंग पर फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां अवैध प्लाटिंग और रिसॉर्ट तैयार के लिए सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया गया था। वहीं 32 एकड़ रकबे के पहाड़ को काटकर कच्चा रास्ता भी तैयार कर लिया गया था।
जिस पर प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाया है। एसडीएम गौतम पाटिल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने इस हिस्से में कार्रवाई की है।
अफसरों ने बताया कि यहां सरकारी जमीन में कब्जा कर प्लाटिंग की तैयारी थी। आशंका है कि रिसॉर्ट तैयार करने के लिए यहां जमीन पर कब्जा किया गया है।
सरकारी नालों पर भी कब्जा कर सड़क निर्माण किया गया। इसके अलावा पहाड़ को काटकर जमीन तक पहुंचने के लिए रास्ता भी बनाया गया।
जिसकी शिकायत मिलते ही प्रशासनिक टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। यहां खसरा क्रमांक 672 के रकबा 32.97 एकड़ को अतिक्रमण मुक्त किया गया है।
गंभीर बात तो यह है कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बिना किसी डर के पहाड़ तक को काटकर रास्ता तैयार कर लिया। जिसे प्रशासनिक टीम ने ध्वस्त किया है।
तीन जगहों पर सरकारी नालों पर भी कर लिया कब्जा
कार्रवाई के दौरान खसरा क्रमांक 563/1, 563/2 एवं 563/3 के सामने शासकीय नाले को पाटकर रास्ता बना दिया गया था। इस अवैध रास्ते को भी हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि, नाला, पहाड़ व अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई होगी।
पंचायत से अनुमति नहीं, डायवर्सन बिना, कब्जे और व्यवसाय सूत्रों के मुताबिक मनगटा, झूराडबरी में लगातार रिसॉर्ट बनाने के लिए अवैध कब्जे हो रहे हैं। जिसमें अवैध प्लाटिंग भी की जा रही है। ज्यादातर रिसॉर्ट मालिकों ने सिर्फ जमीन खरीदकर इसमें निर्माण करा दिया। इसके लिए पंचायत से किसी तरह की अनुमति भी नहीं ली गई है। वहीं कृषि भूमि का बगैर कामर्शियल डायवर्सन के ही व्यवसाय संचालित किया जा रहा है। इसके बाद भी प्रशासन ऐसी मनमानी पर सख्ती नहीं दिखा रही है।











