गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में प्रशासनिक बदलाव, दोनों एसडीएम समेत सभी तहसीलदारों का तबादला

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने आदेश जारी कर जिले के दोनों अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) और सभी तहसीलों के तहसीलदारों का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही कुछ अन्य अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अमित बेक को पेंड्रारोड का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है, जबकि निकिता मरकाम को मरवाही एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।
तबादला आदेश के तहत दो डिप्टी कलेक्टरों विक्रांत अंचल और देवेंद्र सिरमौर के प्रभार में भी परिवर्तन किया गया है तथा उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा जिले की सभी तहसीलों में नए तहसीलदारों की पदस्थापना की गई है।
आदेश के अनुसार शेषनारायण जायसवाल को पेंड्रा का तहसीलदार बनाया गया है। अविनाश कुजूर को मरवाही तहसील की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रीति मिश्रा को पेंड्रारोड और अंजलि मिश्रा को सकोला तहसील का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य अधिकारियों के प्रभार में भी परिवर्तन किया गया है।











