होर्मुज के बाद खार्ग पर अमेरिकी हमला, ईरान को दी कड़ी चेतावनी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच टकराव और तेज हो गया है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले की घटनाओं के बाद अमेरिका ने ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर बड़ा सैन्य हमला किया है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर रातभर चले अभियान में 90 से अधिक ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में नेवल माइन स्टोरेज फैसिलिटी, मिसाइल स्टोरेज बंकर और कई अन्य सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। हालांकि हमले के दौरान तेल से जुड़ा मुख्य इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षित रहने की बात कही गई है।

बताया गया है कि यह हमला ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर बढ़ते हमलों के जवाब में किया गया है। इससे पहले अमेरिकी नेतृत्व ने चेतावनी दी थी कि यदि तेहरान समुद्री मार्गों पर हमले बंद नहीं करता तो ईरान के प्रमुख तेल केंद्रों को निशाना बनाया जा सकता है।

हमले के बाद ईरान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तेहरान ने कहा है कि अगर उसके तेल प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया गया तो वह अमेरिका के सहयोगी देशों की तेल और गैस सुविधाओं को निशाना बना सकता है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक हमले के दौरान खार्ग द्वीप पर 15 से अधिक जोरदार धमाके सुने गए। इनमें एयर डिफेंस सिस्टम, नेवल बेस, एयरपोर्ट कंट्रोल टावर और हेलिकॉप्टर हैंगर जैसे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।

दूसरी ओर इजराइल ने भी तेहरान में ईरान के मुख्य स्पेस रिसर्च सेंटर और एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़ी एक फैक्ट्री पर हमला करने का दावा किया है। बताया गया है कि इस सेंटर में सैन्य सैटेलाइट से जुड़े अनुसंधान और निगरानी से संबंधित काम होता था।

खार्ग द्वीप फारस की खाड़ी में ईरान के तट से करीब 15 मील दूर स्थित एक छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण द्वीप है। यहां मौजूद ऑयल टर्मिनल के जरिए ईरान के लगभग 90 प्रतिशत तेल निर्यात को जहाजों के माध्यम से दुनिया भर में भेजा जाता है। यही वजह है कि यह द्वीप ईरान की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि खार्ग द्वीप और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे क्षेत्रों में बढ़ता तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर डाल सकता है और इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उछाल आने की आशंका भी बढ़ गई है।

close