छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, गरियाबंद में बाढ़ से घिरा गौठान, परिवार का रेस्क्यू

बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गरियाबंद जिले में बाढ़ के पानी से घिरे गौठान से तीन छोटे बच्चों सहित एक परिवार का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि वहां फंसी करीब 300 गायों को निकालने की तैयारी की जा रही है।

बारिश से बढ़ीं मुश्किलें, कई हादसे और जलभराव

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदियां और नाले उफान पर हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चार दिन पहले उफनते नाले में बह गए उपसरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल के शव कार सहित बरामद किए गए। वहीं गरियाबंद में सरगी नाला पार करते समय एक अधेड़ तेज बहाव में बह गया, जिसका शव बाद में मिला। सक्ती जिले के दमाऊधारा में झरने के तेज बहाव में लापता युवक का शव भी रेस्क्यू टीम ने बरामद किया। दूसरी ओर रायपुर में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि धमतरी में सोंढूर बांध के सभी गेट खोल दिए गए और सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी किनारे अलर्ट जारी किया गया।

डीप डिप्रेशन बना भारी बारिश की वजह

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में हो रही तेज बारिश का मुख्य कारण सक्रिय डीप डिप्रेशन और मानसून द्रोणिका है। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी प्रदेश में पहुंच रही है, जिससे रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में तेज बारिश का दौर जारी है। हालांकि 31 जुलाई से इस सिस्टम के पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश

एक जून से 29 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 477.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 544.6 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह अब तक प्रदेश में 12 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है, हालांकि यह भारतीय मौसम विभाग के मानकों के अनुसार सामान्य श्रेणी में है। इस सीजन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक वर्षा वाला जिला रहा, जबकि कई जिले अब भी सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com