इंदौर में रविवार को भी गैस सिलेंडर की सप्लाई, सभी एजेंसियां खुली रहेंगी

इंदौर में गैस उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रविवार को भी शहर की सभी गैस एजेंसियों के कार्यालय खुले रहेंगे और गैस बुकिंग तथा रिफिल का काम सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा।
प्रशासन के निर्देश के अनुसार रविवार को गैस प्लांट भी संचालित रहेंगे, जिससे शहर में गैस आपूर्ति प्रभावित न हो। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना और सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा को रोकना है।
जिला प्रशासन ने सभी सेल्स अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि रविवार को कोई भी गैस एजेंसी बंद न रहे। एजेंसी संचालकों और उनकी टीमों को पूरी क्षमता के साथ काम करने और आवश्यक कर्मचारियों, वाहनों तथा अन्य संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि रविवार को गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी भी जारी रहेगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सोमवार को गैस सिलेंडरों की अधिक मांग के कारण बैकलॉग की स्थिति न बने और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से शहर में गैस आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।










