किसानों की जमीन पर फर्जी NOC का आरोप, भूपेश बघेल ने तिल्दा थाना घेरा

अल्दा-देवरी-घुलघुल क्षेत्र के किसानों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे, फर्जी एनओसी और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोपों को लेकर सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिल्दा-नेवरा थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

फर्जी एनओसी और अवैध कब्जे का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि अल्दा-देवरी-घुलघुल इलाके में किसानों की निजी जमीनों पर फर्जी एनओसी तैयार कर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। साथ ही सरकारी जमीन पर भी अतिक्रमण किया गया है। कई बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पुलिस-प्रशासन पर संरक्षण देने का आरोप

धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी और पुलिस प्रशासन आरोपियों को संरक्षण दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

भूपेश बघेल बोले- किसानों के हक की लड़ाई जारी रहेगी

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन और आजीविका से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

स्पंज आयरन प्लांट का भी किया विरोध

भूपेश बघेल ने देवरी-घुलघुल-अल्दा क्षेत्र में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट का भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों की सहमति के बिना किसी भी औद्योगिक परियोजना को लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि एक जून को तिल्दा-नेवरा में आयोजित किसान महापंचायत में भी उन्होंने यही रुख स्पष्ट किया था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com