बारिश के बीच डैम में स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने युवकों से लगवाई उठक-बैठक

बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी, डैम और चेकडैम में खतरनाक स्टंट कर रील्स बनाने वाले युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर रतनपुर और कोटा पुलिस ने डैम में छलांग लगाकर स्टंट करने वाले युवकों को पकड़कर कान पकड़वाकर उठक-बैठक कराई। साथ ही भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
रील्स के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवक
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में कई युवक नदी और डैम में ऊंचाई से छलांग लगाकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। रतनपुर के खूंटाघाट बांध और कोटा क्षेत्र में वायरल वीडियो में युवक बहते पानी के बीच बैकफ्लिप और ऊंची छलांग लगाते दिखाई दिए। वहीं पचरीघाट चेकडैम में भी कुछ नाबालिगों का पुल से सीधे नदी में कूदने का वीडियो सामने आया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाइश दी और दोबारा ऐसी हरकत न करने की शपथ दिलाई।
संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी
बरसात के मौसम में खूंटाघाट, कोरी डैम, पचरीघाट और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने डैम, घाट और नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। नियमित गश्त के साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि पानी के नीचे गहरे गड्ढे, चट्टानें और तेज बहाव होने के कारण ऊंचाई से छलांग लगाना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी की अपील
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है, ताकि वे नदी, डैम और चेकडैम जैसे खतरनाक स्थानों पर स्टंट करने से बचें। पुलिस का कहना है कि बरसात के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से बड़े हादसे हो सकते हैं, इसलिए लोगों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।











