यूपी में मां की डांट से नाराज डिलीवरी ब्वाॅय ने की खुदकुशी, पहले दोस्तों से कही ऐसी बात

लखनऊ : ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक (20) ने मां की डांट से होकर खुदकुशी कर ली. युवक डिलीवरी बॉय था और शनिवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था. जहां मां से बहस के बाद वह छत से कूदकर भाग गया था. रास्ते में कहीं खुदकुशी कर ली. दोस्तों को सूचना पर परिजनों को जानकारी हुई.
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि युवक हिमांशु शर्मा डिलीवरी ब्वाॅय था. परिजनों के मुताबिक शनिवार रात वह नशे में घर पहुंचा था. इस बात पर मां रश्मि पाल ने उसे डांट दिया था. इसके बाद हिमांशु नाराज होकर घर से बाहर जाने की जिद करने लगा. उसे रोकने के लिए घर का दरवाजा बंद कर दिया गया, लेकिन हिमांशु छत से कूदकर भाग निकला. घर से निकलने के कुछ देर बाद हिमांशु ने अपने दोस्तों को फोन किया और जहर खा लेने की बात कही.
इसके बाद आननफानन दोस्तों ने हिमांशु के घर पर जानकारी दी और उसकी खोज शुरू की. काफी खोजबीन के बाद हिमांशु फैजुल्लागंज इलाके में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. दोस्त और परिजन उसे आनन-फानन केजीएमयू के ट्रामा सेंटर ले गए. जहां उसकी मौत हो गई. हिमांशु के पिता अजय पाल निजी बस चलाते हैं. वे काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं. करीब 10 दिन बाद घर लौटे थे. हिमांशु की मौत से परिवार में मातम छाया है. मां और छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. पुलिस प्रथमदृष्टया मामला घरेलू विवाद का बता रही है











