15 साल के शानदार करियर के बाद अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास

बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने फिल्मों में गाना गाने से संन्यास लेने का ऐलान कर अपने प्रशंसकों को चौंका दिया है। इस फैसले के बाद वह अब फिल्मों के लिए गीत नहीं गाएंगे, हालांकि वे कॉन्सर्ट और म्यूजिक एल्बम के जरिए अपनी आवाज से दर्शकों को जोड़ते रहेंगे।
अरिजीत सिंह को आज के दौर का सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली गायक माना जाता है। उनकी आवाज ने करोड़ों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। बीते 15 वर्षों में उन्होंने 400 से अधिक गाने गाए और भारतीय संगीत जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित की।
अरिजीत का जन्म पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में हुआ था। उन्होंने बचपन से ही संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी और घर पर ही शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग प्राप्त की। छोटी उम्र में ही उन्होंने तबला और रवींद्र संगीत की बारीकियां सीख ली थीं।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक रियलिटी शो से की थी। इसके बाद मुंबई आकर उन्होंने बतौर फ्रीलांसर काम किया और संगीत की दुनिया में धीरे-धीरे अपनी जगह बनाई। साल 2011 में फिल्म ‘मर्डर 2’ के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से उन्होंने बॉलीवुड में पहचान बनाई। इसके बाद ‘तुम ही हो’ जैसे सुपरहिट गीत ने उन्हें स्टार बना दिया।
अरिजीत सिंह ने ‘खैरियत’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘केसरिया’, ‘तुझे कितना चाहने लगे हम’, ‘मुस्कुराने’ और ‘हमदर्द’ जैसे कई यादगार गानों से श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ा। उन्होंने लगभग हर बड़े अभिनेता के लिए अपनी आवाज दी और संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया।
उन्हें दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मफेयर और अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार भी अपने नाम किए हैं। साल 2025 में उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था।
हाल के वर्षों में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई और विदेशी कलाकारों के साथ काम किया। अपनी सादगी और शांत स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले अरिजीत निजी जीवन को लाइमलाइट से दूर रखते हैं।
प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास के फैसले के बावजूद उनके कई रिकॉर्ड किए गए गाने आने वाले समय में रिलीज होंगे। वहीं, लाइव कॉन्सर्ट और म्यूजिक एल्बम के जरिए वे अपने प्रशंसकों से जुड़े रहेंगे। संगीत जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।











