हथियारबंद गुंडों ने किया जमीन पर कब्जे का प्रयास, विरोध पर दागी गोलियां; इटावा पुलिस ने आरोपी को ऐसे सिखाया सबक!

इटावा : अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार सख्त कार्रवाई कर रही इटावा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है.थाना जसवंतनगर क्षेत्र में जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने के उद्देश्य से फायरिंग करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण में की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 फरवरी 2026 को थाना जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम नगला इच्छा निवासी प्रियंका रानी पत्नी आधार सिंह (जितेंद्र कुमार) ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे आशू भदौरिया पुत्र जमादार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ उनकी जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचा.जब वादिनी ने जमीन पर कब्जा करने का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे.
इतना ही नहीं, आरोप है कि विपक्षीगण ने वादिनी और उसके परिजनों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से असलहे से फायरिंग भी की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर में मु0अ0सं0 49/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 329(3), 109 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए.
निर्देशों के क्रम में थाना जसवंतनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त आशू भदौरिया पुत्र जमादार सिंह निवासी कटेरी, थाना जसवंतनगर को सराय भूपत क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष जसवंतनगर श्री कमल भाटी ने अपनी पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.











