कला केंद्र मैदान आवंटन विवाद: कथित ऑडियो वायरल, महापौर पहुंचीं थाना; निष्पक्ष जांच की मांग

अंबिकापुर में कला केंद्र मैदान के आवंटन को लेकर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वायरल ऑडियो में मैदान आवंटन के बदले पैसों की मांग किए जाने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में वर्षों से स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार का संचालन करने वाला एक व्यक्ति कथित तौर पर महापौर से अपनी दी गई रकम वापस मांगता सुनाई दे रहा है।
ऑडियो में पैसों की मांग का दावा
कथित ऑडियो में बाजार संचालक अनुराग तिवारी यह कहते हुए सुनाई पड़ रहे हैं कि उन्होंने महापौर और उनके स्टाफ को रकम दी थी। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष को एक लाख रुपये देने की बात भी कही गई है, लेकिन कथित तौर पर तीन लाख रुपये की मांग किए जाने के कारण वे अतिरिक्त रकम देने में असमर्थ हैं। ऐसे में वे अपनी दी गई राशि वापस करने की मांग कर रहे हैं।
महापौर ने आरोपों को बताया फर्जी
ऑडियो वायरल होने के बाद अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत भावुक अवस्था में आजाक थाना पहुंचीं और अनुराग मिश्रा समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत आवेदन सौंपा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पूरे मामले को निराधार, फर्जी और सुनियोजित साजिश बताया।
‘परिवार की छवि खराब करने की कोशिश’
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि वायरल ऑडियो के जरिए उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस घटना से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
कथित ऑडियो सामने आने के बाद अंबिकापुर सहित सरगुजा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच की मांग की गई है।










