औरंगाबाद: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कोर्ट से लौट रहे 80 वर्षीय वृद्ध को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत

औरंगाबाद: तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 80 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई. घटना राष्ट्रीय राजमार्ग- 19 पर नगर थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के समीप की है. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि अज्ञात वाहन वृद्ध को घसीटते हुए कुछ दूरी तक ले गया, जिससे वृद्ध का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मृतक की पहचान नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के अंकोरहा पंचायत अंतर्गत परसा जैन गांव निवासी महावीर मेहता के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार की शाम की बताई जा रही है.
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि महावीर मेहता अपने भतीजे शंकर मेहता के साथ व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में किसी केस से संबंधित तारीख पर आए हुए थे. इसके बाद पैदल बारून थाना क्षेत्र के सीरीस गांव में किसी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. ऑटो पकड़ने के लिए पैदल राष्ट्रीय राजमार्ग -19 को पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन रौंदती हुई फरार हो गई.
वृद्ध की पहचान झोले में रखे आधार कार्ड से की गई। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों को दी गई. सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. अस्पताल कर्मियों द्वारा घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई. सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बताया कि मृतक महावीर मेहता के एक पुत्र मुन्ना कुमार है. वह भी गांव पर रहकर अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है. पिता की मौत के बाद उसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
घटना के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजें की मांग की है. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.