औरंगाबाद: हथियार के दम पर एक ही रात चार घरों में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद: देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और चार घरों को निशाना बनाकर क़रीब छह लाख रूपये से अधिक की जेवर व नकदी सहित कई अन्य जरूरी दस्तावेज चोर उठा ले गए. सुबह गृह स्वामियों को चोरी की वारदात की जानकारी उठने के बाद हुई। सूचना पर पुलिस फोरेंसिक टीम संग साक्ष्य जुटाकर चोरों का सुराग लगाने में जुट गई है. घटना फेसर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव की है.
गुरुवार की सुबह चोरी की घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई. जानकारी के अनुसार, इस घटना में उस गांव निवासी उमेश यादव के घर से क़रीब 1 लाख रूपये के ज़ेवर व अन्य जरूरी दस्तावेज, डोमन ठाकुर के घर से दो से ढाई लाख रूपये के ज़ेवर व नकदी तथा अन्य जरूरी दस्तावेज, पच्चन ठाकुर के घर से क़रीब दो लाख रूपये के ज़ेवर एवं भोला साव के घर से पांच हजार रूपये नकदी चोर ले भागे.
इसके अलावा एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन असफल रहे तो चोरों ने उस घर के दरवाज़े को बाहर से बंद कर दिया. इधर, जब सुबह गृह स्वामियों ने घर का बिखरा सामान देखा तो वह सन्न रह गए. आसपास खोजबीन की तो कुछ का बक्सा खेतों में मिला जिसमें जरूरी सामग्रियां गायब मिला और बक्सा वहीं छोड़कर चले गए. पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर चोरी का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी. एक साथ चार लोगों के घरों में हुई चोरी की वारदात से लोग सहमे हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, चोरों की तीन से अधिक संख्या रही होगी.
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले लोकल के अलावा बाहर के बदमाश भी हो सकते है. पीड़ित पच्चन ठाकुर के बेटे रुपेश ने बताया कि देर रात चोर जब हमारे घर चोरी कर भग रहे थे तो किसी चीज़ से टकरा गए और नींद खुल गई. इस दौरान चोरों को पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन तीन की संख्या में रहे चोरों के हाथों में धारदार हथियार थे. चोरों ने कहा मुझे पकड़ा तो अंज़ाम बुरा होगा और मौके से फरार हो गए.
थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी ने बताया कि चार घरों में देर रात चोरी की सूचना मिली है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जायेगा.











