औरंगाबाद: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, पति-पत्नी और तीन बच्चे घायल

औरंगाबाद: एनएच-139 पर औरंगाबाद-हरिहरगंज मुख्य पथ स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में नवीनगर प्रखंड के टंडवा थाना क्षेत्र के रामसागर गांव निवासी 42 वर्षीय बिरजू कुमार, 40 वर्षीय पत्नी रीमा देवी, 12 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी, 10 वर्षीय पुत्री सुप्रिया कुमारी व 8 वर्षीय पुत्र पीयूष राज शामिल है.
घटना शनिवार की दोपहर की बताई जा रही है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल बिरजू कुमार ने बताया कि वह अपने गांव रामसागर से बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी व तीनों बच्चों को लेकर दाउदनगर थाना क्षेत्र के पूर्णा बिगहा गांव अपने ससुराल जा रहा था. जैसे ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव के समीप पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पीछे से टक्कर मारते हुए फरार हो गया. कार की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गया और उस पर सवार पति-पत्नी सहित पांचो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही. स्थानीय लोगों ने कार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया. घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने उपचार किया. घायल बिरजू ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार वालों के साथ ससुराल में छठ करने जा रहा था.
उसके ससुराल में छठ पर्व की तैयारी चल रही थी, लेकिन छठ पर्व से पहले ही पूरा परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया. इधर घटना की सूचना पर परिवार व ससुराल के लोग सदर अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों का हाल जाना. इसके बाद आगे की इलाज की प्रक्रिया में जुट गए.
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटना में पति-पत्नी सहित पांच लोग घायल हुए हैं. फिलहाल सभी का इलाज किया जा रहा है. हालांकि कोई बड़ी घटना नहीं घटी है. सभी लोगों को मामूली चोटे आई है. फिलहाल सभी लोग खतरे से बाहर हैं.









