स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलटी, मवेशी सामने आने पर हुआ हादसा, दो की हालत गंभीर

गौरेला पेंड्रा मरवाही : पेंड्रा दोबटिया मुख्य मार्ग पर स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलट गई. हादसा उस वक्त हुआ जब दो मवेशी लड़ते हुए ऑटो के आगे आ गए.मवेशियों से टक्कर होने से बचाने के चक्कर में ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया.इसके बाद गाड़ी पलट गई. इस हादसे में दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को मामूली चोट लगी है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सभी बच्चों की जान बची. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पेंड्रा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
ऑटो के सामने मवेशी आने से हादसा: पुलिस के मुताबिक मरवाही के सिवनी से दर्जनभर बच्चे ऑटो में सवार होकर पेंड्रा आ रहे थे. सभी बच्चे फिजिकल कॉलेज मैदान में आयोजित हो रहे एथलेटिक्स लीग 2025 में शामिल होने के लिए आ रहे थे. ऑटो में करीब 12 बच्चे सवार थे.जैसे ही ऑटो अड़भार गांव के पास पहुंची अचानक मवेशी लड़ते हुए सड़क पर पहुंच गए. वाहनों को लड़ता हुआ देखकर ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. जिसके बाद तेज रफ्तार ऑटो पलट गई.स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मवेशियों का डेरा जमा रहता है. जिसके कारण रोजाना हादसे होते हैं.
ग्रामीणों ने बचाई जान : हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला और 112 और 108 के साथ पेंड्रा पुलिस को सूचना दी. सभी को बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया . अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज शुरु किया.जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पेंड्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऑटो को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है.इस घटना से क्षेत्र में लोगों में डर का माहौल है, वहीं अभिभावक भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. हादसे के बाद एथलेटिक्स लीग आयोजन स्थल पर भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं.











