बलरामपुर: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा वार्षिकोत्सव, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित; विधायक ने पीजी कक्षाएं शुरू कराने का दिया आश्वासन

बलरामपुर: शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई. इसके बाद महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें लोकनृत्य, समूह गीत एवं नाट्य मंचन ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन में समां बांध दिया.

इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं प्राध्यापक कार्यक्रम में उपस्थित रहे. मुख्य अतिथि विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने से ही सफलता प्राप्त होती है.
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य सुधीर सिंह ने विधायक से महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग रखी. इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें विधायक बनाकर भेजा है और वे जल्द से जल्द महाविद्यालय में पीजी कक्षाएं प्रारंभ कराने का प्रयास करेंगी. आवश्यकता पड़ी तो इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा.

विधायक ने अपने विधायक निधि से महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक शेड निर्माण कराने की घोषणा भी की. साथ ही उन्होंने बताया कि रघुनाथनगर महाविद्यालय में विद्यालय भवन तथा वाड्रफनगर महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जो भविष्य में छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी. इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं छात्र-छात्राएं सहित काफी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.











