बलरामपुर: धान की कालाबाजारी रोकने सड़कों पर उतरे कलेक्टर, कई किलोमीटर तक पीछा कर पकड़े दो पिकअप

बलरामपुर: जिले में धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इसी कड़ी में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने धान की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए स्वयं मोर्चा संभालते हुए शुक्रवार देर रात विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र तालकेश्वरपुर के घने जंगलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया.

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कटारा को अंतरराज्यीय सीमा से अवैध रूप से धान परिवहन की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे कलेक्टर ने जंगल के रास्तों से गुजर रहे दो संदिग्ध पिकअप वाहनों का पीछा किया. अंधेरे और दुर्गम जंगल क्षेत्र में लगभग 3 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद दोनों वाहनों को रोका गया.

जांच करने पर पिकअप वाहनों में कुल 140 बोरी अवैध धान पाया गया, जिसे बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था. मौके पर ही दोनों पिकअप वाहन एवं अवैध धान जब्त कर थाना प्रभारी सनवाल के सुपुर्द किया गया. कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही. प्रशासन द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने इस अवसर पर स्पष्ट कहा कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था को कमजोर करने वाले अवैध परिवहन, भंडारण और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए और 24 घंटे चौकसी बढ़ाते हुए ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. अवैध धान परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसानों और शासन के हितों की रक्षा की जा सके.

close