बांग्लादेश चुनाव 2026: दोहरे मतदान के कारण नतीजों में हो सकती है देरी

बांग्लादेश में 13वें आम चुनाव के साथ जुलाई चार्टर पर जनमत संग्रह एक साथ कराए जा रहे हैं, जिससे चुनाव परिणाम घोषित होने में सामान्य से अधिक समय लगने की संभावना है। इस बार मतदाताओं को संसदीय चुनाव के साथ-साथ रेफरेंडम के लिए भी अलग-अलग मतपत्रों पर मतदान करना है।

गुरुवार, 12 फरवरी को सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चलेगा। देशभर में कुल 299 सीटों पर वोटिंग हो रही है। एक सीट पर उम्मीदवार के निधन के कारण मतदान स्थगित किया गया है। चुनाव में 59 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं और कुल 2028 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 83 महिलाएं शामिल हैं।

यह चुनाव शेख हसीना के इस्तीफे के बाद बनी अंतरिम सरकार के नेतृत्व में हो रहा है। अगस्त 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद छोड़ा था, जिसके बाद मोहम्मद यूनुस की अगुवाई में अंतरिम सरकार गठित की गई।

आम चुनाव के साथ हो रहे जनमत संग्रह के लिए अलग-अलग बैलेट पेपर की व्यवस्था की गई है। रेफरेंडम के मतपत्र रंगीन होंगे, ताकि गिनती के दौरान उन्हें आसानी से अलग किया जा सके। चुनाव आयोग ने फैसला किया है कि दोनों के परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे, ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी न फैले।

मतदान समाप्त होते ही शाम चार बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, दोहरे बैलेट और पोस्टल वोट की गिनती के कारण प्रक्रिया में अधिक समय लग सकता है। आयोग ने पहले संकेत दिया था कि गिनती अगले दिन सुबह तक पूरी हो सकती है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था को देखते हुए इसमें दोपहर तक का समय भी लग सकता है।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी रिटर्निंग ऑफिसर के पास एक से अधिक सीटों की जिम्मेदारी है, तो परिणाम तैयार होने में और देरी हो सकती है। पोस्टल बैलेट की गिनती भी समय बढ़ाने वाला एक बड़ा कारण है।

चुनाव आयोग का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि अंतिम परिणाम शुक्रवार शाम तक घोषित किए जा सकते हैं।

इस चुनाव और जनमत संग्रह को बांग्लादेश के राजनीतिक भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है, ऐसे में देश और विदेश की नजरें नतीजों पर टिकी हुई हैं।

close