श्रेयस तलपड़े को बैंक नहीं दे रहा था लोन, शाहरूख खान के लेटर ने पूरा किया आशियाने का सपना

श्रेयस तलपड़े आज फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब मुंबई जैसे शहर में अपना पहला घर खरीदने के लिए उन्हें कड़ा संघर्ष करना पड़ा था. यहां तक कि बैंक ने उन्हें होम लोन देने से साफ इनकार कर दिया था. ऐसे मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के ‘किंग’ यानी शाहरुख खान और मशहूर डायरेक्टर फराह खान उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए थे. हाल ही में श्रेयस ने खुद इस दिलचस्प और बेहद भावुक कर देने वाले किस्से का खुलासा किया है. उन्होने बताया कैसे शाहरुख खान के एक दस्तखत से उनका घर खरीदने का सपना पूरा हुआ

कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक फराह खान इन दिनों अपने यूट्यूब चैनल पर काफी एक्टिव हैं. वो अक्सर सेलिब्रिटीज के घर जाकर व्लॉग शूट करती हैं और उनके आशियाने की झलक फैंस को दिखाती हैं. हाल ही में फराह अपनी सुपरहिट फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के एक्टर श्रेयस तलपड़े के घर पहुंचीं. इसी दौरान बातों-बातों में श्रेयस ने बताया कि साल 2007 में आई फिल्म ‘ओम शांति ओम’ उनके करियर और निजी जिंदगी के लिए कितना बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई थी. श्रेयस ने भावुक होकर कहा, “इसी फिल्म की बदौलत मैं मुंबई में अपना पहला घर खरीद पाया था.”

लोन न मिलने का वो मजेदार और मुश्किल किस्सा शेयर करते हुए श्रेयस तलपड़े ने बताया, “मैं अपने पहले घर के लिए होम लोन लेने बैंक गया था, लेकिन कागजी कार्रवाई और नियमों के चलते मैं लोन के लिए क्वालिफाई नहीं कर पा रहा था. बैंक वाले मुझे लोन देने को तैयार नहीं थे. तभी वहां काम करने वाली एक महिला अधिकारी ने मुझसे पूछा कि आप आजकल किस फिल्म में काम कर रहे हो? मैंने उनसे कहा कि मैं ‘ओम शांति ओम’ नाम की एक फिल्म कर रहा हूं.”

श्रेयस ने आगे बताया, “इसके बाद उस महिला ने मुझसे पूछा कि इस फिल्म में कौन-कौन से बड़े कलाकार हैं? मैंने जवाब दिया कि इसमें शाहरुख खान मुख्य भूमिका में हैं. फिर उन्होंने डायरेक्टर का नाम पूछा, तो मैंने फराह खान का नाम लिया. ये सब सुनने के बाद उस महिला अधिकारी ने मुझसे कहा कि क्या आप इस बात का कोई पुख्ता सबूत या लेटर दे सकते हैं?

शाहरुख के एक लेटर से लोन हुआ पक्का!

बैंक से आने के बाद श्रेयस ने तुरंत फराह खान को फोन लगाया और अपनी पूरी परेशानी बताई. फराह ने बिना देर किए सीधे शाहरुख खान से बात की. श्रेयस ने बताया, “फराह ने महज दो दिनों के भीतर मुझे शाहरुख खान के दस्तखत वाला एक ऑफिशियल कंफर्मेशन लेटर दिलवा दिया. जैसे ही वो लेटर मैंने बैंक में जमा किया, उसी दिन शाम तक मेरा होम लोन मंजूर हो गया.”

ये सुनकर फराह खान भी बेहद खुश हुईं, लेकिन उन्होंने अपने सिग्नेचर मजाकिया अंदाज में श्रेयस की चुटकी लेते हुए कहा, “मैं आज बहुत खुश हूं, क्योंकि मुझे अच्छे से याद है कि ‘ओम शांति ओम’ के लिए हमने तुम्हें कितने कम पैसे दिए थे.” फराह की ये बात सुनकर श्रेयस और उनकी पत्नी जोर-जोर से हंसने लगे.

दीपिका की डेब्यू फिल्म थी ‘ओम शांति ओम’

आपको बता दें कि साल 2007 में रिलीज हुई ‘ओम शांति ओम’ का निर्देशन फराह खान ने किया था. इस फिल्म में श्रेयस तलपड़े ने शाहरुख खान के पक्के दोस्त ‘पप्पू मास्टर’ का यादगार किरदार निभाया था. ये फिल्म उस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और इसी फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में अपना पहला कदम रखा था.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com