बस्तर ओलंपिक शुरू, 688 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया:कबड्डी-बैडमिंटन जैसे गेम्स हो रहे; हर वर्ग के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

छ्त्तीसगढ़ में बस्तर जिले के बस्तर विकासखंड में बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ हो गया है। अलग-अलग इलाकों से पहुंचे कबड्डी, रस्सा खींच, बैडमिंटन, दौड़ समेत अन्य खेलों के खिलाड़ी अपना जबरदस्त दमखम दिखा रहे हैं। इस बस्तर ओलंपिक में ब्लॉक में 8 जोन के करीब 688 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है।
वहीं पिछले साल पूरे संभाग में लगभग 1 लाख 65 हजार और इस साल 3 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन करवाया है। संभाग समेत बस्तर जिले के अलग-अलग ब्लॉक में खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं।
इस ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक में 11 प्रकार की सामूहिक और एकल खेल स्पर्धाएं शामिल हैं। जिनमें सीनियर और जूनियर वर्ग के महिला-पुरुष खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।
8 जोन के 688 खिलाड़ी पहुंचे
दरअसल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से बस्तर ओलंपिक का आयोजन करवाया है। इस प्रतियोगिता में बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायतों और नगर पंचायत क्षेत्र से गठित 8 जोन के लगभग 688 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया हैं।
खिलाड़ियों को मिल रहा मौका
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ किया है। सांसद ने कहा कि बस्तर के युवाओं विशेष तौर पर अंदरूनी इलाके के ग्रामीणों एवं युवाओं को उनकी रचनात्मक कार्यों सहित खेल प्रतिभाओं को निखारना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने पिछले साल से बस्तर ओलंपिक की शुरुआत की थी।
सांसद ने कहा कि जिसमें करीब 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस साल बस्तर ओलंपिक में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में वृद्धि हुई है और 3 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता सामाजिक समरसता और अनेकता में एकता को बढ़ावा देने के साथ ही खिलाड़ियों को अपनी अलग पहचान स्थापित करने का अवसर देती है।











