बस्तर बनेगा एजुकशन हब, नक्सलवाद के खत्म होते ही सरपट दौड़ेगी विकास की गाड़ी: गजेंद्र यादव

दुर्ग: नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन खत्म होने में अब बस 1 दिन बाकी है. केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने ये दावा किया है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा. राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आज दुर्ग दौरे पर रहे. मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को अब विकास की मुख्यधारा में लाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है.

बस्तर बनेगा एजुकशन हब: मंत्री

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा, नक्सलवाद समाप्त होते ही इन इलाकों को एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया जाएगा. दुर्ग में एनटीपीसी द्वारा आयोजित दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंत्री पहुंचे थे. शिक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का वादा अब पूरा होता नजर आ रहा है.

बस्तर में आएगा ऐतिहासिक बदलाव

मंत्री ने कहा कि सुरक्षाबलों के लगातार अभियान के चलते सैकड़ों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, वहीं कई मुठभेड़ों में नक्सली ढेर हुए हैं. मंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहा है. जिन गांवों में पिछले 70 वर्षों से तिरंगा नहीं फहराया गया था, वहां अब राष्ट्रीय ध्वज लहराया जा रहा है. विशेष रूप से अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाकों के 37 गांवों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्कूल शुरू किए गए हैं, जिससे आदिवासी बच्चे शिक्षा की ओर बढ़ रहे हैं.

बस्तर पंडुम बना बदलाव में सहायक

मंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा कि बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों में तीन लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि अब युवा विकास और खेल की ओर अग्रसर हैं. सरकार अब अबूझमाड़, नारायणपुर, ओरछा और सुकमा जिले में दो बड़े एजुकेशन हब स्थापित करने की योजना बना रही है, जिससे स्थानीय बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य मिल सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com