देवास की माता टेकरी पर मधुमक्खियों का हमला, 7 लोग घायल

देवास शहर स्थित प्रसिद्ध शक्ति स्थल माता टेकरी पर शनिवार दोपहर अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। छोटी माता मां चामुंडा मंदिर क्षेत्र में हुए इस हमले में तीन श्रद्धालु और चार कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार महू से आयुष कोठारी अपनी माता सीमा कोठारी और नानी विनीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दर्शन करने आए थे। जैसे ही वे छोटी माता मंदिर क्षेत्र में पहुंचे, अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।

हमले में परिवार के तीन सदस्यों के अलावा माता टेकरी देवस्थान प्रबंध समिति के कर्मचारी उज्जवल राव, विनय, ममता कुशवाह और होमगार्ड सैनिक अंतरसिंह घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही माता टेकरी प्रभारी तहसीलदार कपिल गुर्जर जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली।

तहसीलदार ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य है। उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए वन विभाग के डिप्टी रेंजर श्याम शर्मा को निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीम देर रात छत्ता हटाने की कार्रवाई करेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं। नेमावर में स्कूल की कक्षाओं और परीक्षा के दौरान मधुमक्खियों के हमले में एक शिक्षक और एक छात्रा घायल हुए थे। कन्नौद में भी तीन दिन पहले एक व्यक्ति मधुमक्खियों के हमले से बेहोश हो गया था, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं चंद्रकेश्वर क्षेत्र में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर हमले में करीब आठ लोग घायल हुए थे।

close