पंडरिया क्षेत्र में 30 करोड़ से अधिक की सड़कों का भूमिपूजन, ग्रामीण इलाकों को मिलेगा बेहतर संपर्क

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत करते हुए विधायक भावना बोहरा ने 30 करोड़ से अधिक की लागत वाले विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। ये निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किए जाएंगे।

परियोजनाओं के तहत प्रतापपुर चौक से दामापुर पुल तक 12.70 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जिस पर 21 करोड़ 7 लाख 98 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा दमगढ़ से अमनिया तक 3.65 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 7 करोड़ 74 लाख 95 हजार रुपए है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पौनी से कोड़ापुरी तक 5.30 किलोमीटर सड़क भी बनाई जाएगी, जिस पर 1 करोड़ 91 लाख 88 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे।

इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत 30 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपए है। सड़क निर्माण से रूसेकापा, भगतपुर, कोलेगांव, सेमरकोना, निंगापुर, दामापुर, दमगढ़, अमनिया, पौनी, तिलईभाठ, नवापारा, तोरला और कोड़ापुरी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जिन सड़कों का भूमिपूजन हुआ है, वे लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र को विकास कार्यों से वंचित रखा गया था, लेकिन अब विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

विधायक ने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों के विस्तार का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रखकर गांवों और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास हो सके।

close