हरेली तिहार पर भूपेश बघेल का सरकार पर हमला, बोले- छत्तीसगढ़ की परंपराओं को खत्म कर रही भाजपा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली तिहार के मौके पर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने बंगले पर परिवार और कांग्रेस नेताओं के साथ पारंपरिक तरीके से हरेली तिहार मनाया। इस दौरान कृषि उपकरणों और पशुधन की पूजा की गई और गेड़ी चढ़कर पर्व की परंपराओं को निभाया गया।

भूपेश बघेल ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ का पहला तिहार है, जिसे किसान और आम लोग मिलकर मनाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और त्योहारों की अनदेखी कर रही है। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति को लेकर सरकार पर निशाना

भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के त्योहार प्रकृति और खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। हरेली भी इसी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जुड़े प्रतीकों और परंपराओं को महत्व नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने महतारी की तस्वीर नहीं लगाने और विश्व आदिवासी दिवस पर सरकार की ओर से बधाई नहीं देने का भी जिक्र किया। बघेल ने कहा कि इससे सरकार की प्राथमिकताओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।

केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने संसद में राहुल गांधी के प्रदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि गृहमंत्री को संसद में आने से कौन रोक सकता है। बघेल ने बच्चों पर कथित कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी इसी मुद्दे पर जवाब मांग रहे हैं।

सोशल मीडिया पर चल रहे ‘56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र’ वाले पोस्ट का जिक्र करते हुए बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल से 56 इंच के सीने वाली छवि बनाई गई थी, लेकिन बच्चों ने एक मिनट में उस छवि को धो दिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com