रायपुर में सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आए 2 टेक्निशियन, इलाके में मचा हड़कंप

रायपुर, 04 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को एक मकान की छत पर काम कर रहे दो सोलर टेक्निशियन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन तकनीशियन एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के दौरान सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सोलर पैनल लगाने के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं।











