पुणे में बड़ा हादसा, बारिश के बीच भरभराकर गिरी 3 मंजिला इमारत; 15 से अधिक लोग मलबे में दबे

महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र के मोशी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. कचरा डिपो के पास स्थित एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण पुराने कचरे का विशाल ढेर इमारत पर गिर पड़ा, जिससे पूरी इमारत भरभराकर ढह गई. हादसे के समय इमारत के अंदर मौजूद 15 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

भारी बारिश बनी हादसे की वजह

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि यह प्रशासनिक इमारत पुराने कचरे के पहाड़ जैसे ढेर के बिल्कुल पास बनाई गई थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कचरे का ढेर अस्थिर हो गया और अचानक इमारत पर आ गिरा. इसके दबाव से तीन मंजिला भवन पूरी तरह ढह गया.

अधिकारियों के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ वह एक निजी कंपनी का प्रशासनिक कार्यालय था. यह कंपनी नगर निगम की ओर से उस स्थान पर कचरे के प्रोसेसिंग और निपटान का काम कर रही थी. आशंका है कि घटना के समय कंपनी के करीब 16 कर्मचारी कार्यालय के भीतर मौजूद थे, जिनके मलबे में दबे होने की संभावना है.

युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और अन्य आपदा राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है. NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की सही जानकारी सामने आ सकेगी.

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट

इस बीच मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मुंबई, मुंबई उपनगर, ठाणे और नासिक के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. वहीं पालघर, रायगढ़, पुणे घाट, नाशिक घाट और सतारा घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है. लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com