बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा, नाव पलटने से 11 लोगों की मौत, सीएम सम्राट चौधरी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान


बिहार के वैशाली जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में मंगलवार देर रात को नदी में करीब 20 लोगों से भरी एक नाव पलट गई, इस हादसे में करीब 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अभी भी कई लोग लापता बताये जा रहे हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। SDRF की विशेष टीमों को तुरंत मोटरबोट और गोताखोरों के साथ मौके पर तैनात कर दिया गया है। वहीं, खबर है कि 5 लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क करने और घटना की जानकारी देने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजे गये हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। वहीं, पीड़ितों तक मदद पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
Bihar | 11 people died after a boat capsized in the Raghopur Diara area of Vaishali district. Most of the deceased are minors who were traveling on the boat to attend the feast. District police officials and an SDRF team have been dispatched to conduct search operations: Vaishali DM
— ANI (@ANI) October 13, 2026
सीएम ने हादसे पर व्यक्त किया दुख, मुआवजे का ऐलान
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये हैं।
वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
ॐ शांति! 🙏
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 13, 2026
तेजस्वी यादव ने हादसे पर जताया दुख
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद खबर मिली है। नाव हादसे में डूबने वालों में अधिकांश बच्चे हैं। ईश्वर सभी को सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बातचीत कर राहत-बचाव एवं उपचार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।
राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें।
स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 13, 2026











