रायपुर में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 300 प्रतिबंधित टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोलबाजार थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 की 300 टैबलेट बरामद की हैं। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 1.50 लाख रुपये का सामान भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गोलबाजार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पीछा कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 300 प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कबीर नगर निवासी मोहम्मद असफाक (25), आजाद चौक निवासी शिवम ढीमर (22) और धमतरी जिले के कुरूद निवासी तुषार ढीमर (20) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ गोलबाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com