सूरजपुर में अवैध धान कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 3,000 क्विंटल से अधिक धान जब्त

सूरजपुर: कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान कारोबार रोकने और नियंत्रण के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है. इसी कड़ी में 12 और 13 नवम्बर को राजस्व, मंडी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया.
12 नवम्बर को मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने सूरजपुर शहर में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान रामानुग्रह उपाध्याय (507 बोरे – 202.80 क्विंटल), सौम्या ट्रेडर्स (53 बोरे – 21.20 क्विंटल) और चिराग कुमार गोयल (255 बोरे – 102.40 क्विंटल) का अवैध धान जब्त किया गया. वहीं, रामानुजनगर में तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने रामजी गुप्ता से 100 बोरे (40 क्विंटल) और पांच अन्य व्यापारियों से लगभग 180 क्विंटल धान जब्त किया.
मंडी सूरजपुर क्षेत्र में और प्रतापपुर में भी कार्रवाई की गई. हुकुमसाय ट्रेडिंग, पतरापारा – 378 बोरे (151.20 क्विंटल), ललित ट्रेडिंग, लोधिमा – 72 बोरे (28.8 क्विंटल) तथा गोयल ट्रेडर्स, प्रतापपुर – 1,800 बोरे (720 क्विंटल) का अवैध धान जप्त किया गया. इसके अलावा मध्य प्रदेश के बरगढ मार्ग से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रही दो पिकअप वाहनों को पकड़कर प्रत्येक में 60 बोरी धान जब्त किया गया.
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. प्रशासन ने किसानों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.











