सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में इंजेक्शन व स्मैक के साथ तीन युवक गिरफ्तार

सुपौल: शराब और गांजा के अवैध कारोबार के बाद अब सुपौल पुलिस और मद्य निषेध विभाग ने महंगे नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसा है. विभागीय टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नशे की खेप जब्त की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महंगे नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और किसी भी कीमत पर कानून की नाक के नीचे अवैध व्यापार की अनुमति नहीं दी जाएगी.

इधर बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद सूखे नशे का प्रचलन काफी बढ़ गया है ज्यादातर युवा इसकी चपेट में है, इसी क्रम में सुपौल पुलिस व मद्य निषेध की टीम ने अलग-अलग दो जगहों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित इंजेक्शन व स्मैक बरामद कर तीन को गिरफ्तार किया है. सदर थाना क्षेत्र के लालगंज, वार्ड नंबर 11 स्थित एक घर में पुलिस व मद्य निषेध की टीम ने छापेमारी कर काफी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किया है.

इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि पुलिस व मद्य निषेध की यह संयुक्त छापेमारी लालगंज के कामेश्वर यादव के घर की गई, जहां से 1275 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किया गया है. इस मामले में आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं दूसरी तरफ एक अन्य छापेमारी में पुलिस ने 24 पुड़िया स्मैक व 147 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार तस्कर सदर थाना के हरदी, वार्ड नंबर 08 निवासी विवेक कुमार एवं हरदी वार्ड नंबर 10 निवासी शंकर कुमार है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु अभियान आगे भी जारी रहेगा.

close