उत्तर प्रदेश: मीरगंज प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 22 सिलेंडर बरामद

बरेली: मीरगंज तहसील क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 सिलेंडर बरामद किए हैं.

यह कार्रवाई जाफरपुर गांव में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से जमा किए गए गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि जाफरपुर गांव में एक दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा है और उन्हें निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक रवि कुमार सक्सेना के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम तथा शीशगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

छापेमारी के दौरान टीम ने दुकान की तलाशी ली, जिसमें कुल 22 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें से 19 सिलेंडर खाली पाए गए, जबकि 3 सिलेंडर गैस से भरे हुए थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्र कर जरूरतमंद लोगों को चोरी-छिपे अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था. यह कार्य गैस वितरण से जुड़े नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है.

प्रशासन ने मौके पर ही सभी बरामद सिलेंडरों को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. पूर्ति निरीक्षक रवि कुमार सक्सेना ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है.

इस संबंध में मीरगंज के एसडीएम आलोक कुमार ने कहा कि क्षेत्र में कालाबाजारी और आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

close