स्कूल शिक्षा में बड़ा बदलाव: छत्तीसगढ़ सरकार ने बदला शिक्षा सत्र, 1 अप्रैल से शुरू होगी पढ़ाई; छात्रों के लिए नई व्यवस्था लागू

रायपुर, 09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव करने का फैसला लिया है। शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र अब 01 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित होगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

16 जून से शुरू होने वाला सत्र होगा खत्म

जारी निर्देशों के अनुसार, वर्तमान में 16 जून से 30 अप्रैल तक चलने वाली शिक्षा सत्र की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। इसकी जगह अब देश के प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर 01 अप्रैल से 31 मार्च तक शैक्षणिक सत्र संचालित किया जाएगा।

हालांकि, ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को 01 मई से 15 जून तक पहले की तरह ही समर वेकेशन मिलेगा।

सत्र के पहले दिन ही मिलेंगी सभी सुविधाएं

स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब हर वर्ष 01 अप्रैल को सत्र शुरू होने के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली यूनिफॉर्म, तथा अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

पढ़ाई होगी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को सत्र के पहले दिन से ही पढ़ाई के लिए आवश्यक पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, साइकिल और अन्य सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी। इससे छात्रों का समय बचेगा और विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बन सकेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com