MP आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा… रतलाम के परीक्षा केंद्र पर नकल, 12 अभ्यर्थी सस्पेंड, FIR दर्ज

रतलाम। मप्र कर्मचारी चयन मण्डल द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में नकल का मामला सामने आया है। परीक्षा के बाद डाटा विश्लेषण के दौरान विरियाखेड़ी स्थित रतलाम पब्लिक स्कूल केंद्र के 12 अभ्यर्थियों पर शंका हुई थी। इसके बाद टीम ने केंद्र के सीसीटीवी परीक्षण में अनियमितता पाई। मंडल ने 12 अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता निरस्त करते हुए भोपाल के एमपी नगर थाने में जीरो पर प्रकरण दर्ज कराया। रविवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र में मामले में असल प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और डाटा विश्लेषण से खुली पोल
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को कर्मचारी चयन मंडल के प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट प्रणीत सिजरिया ने आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 के संबंध में एमपी नगर थाना भोपाल को प्रकरण दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था। घटनास्थल थाना औद्योगिक क्षेत्र का रतलाम पब्लिक स्कूल होने से थाना एमपी नगर में जीरो पर एफआइआर पंजीबद्ध कर मूल पंजीयन के लिए थाने औद्योगिक क्षेत्र को प्रेषित की गई।
12 अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता निरस्त
प्रकरण के अनुसार मण्डल द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 का आयोजन 09 सितम्बर 2025 से 21 सितम्बर 2025 तक किया गया था। परीक्षा के बाद मानक संचालन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों का विश्लेषण किया गया। विश्लेषण में रतलाम पब्लिक स्कूल केंद्र से सम्मिलित 12 अभ्यर्थियों की गतिविधियां असामान्य पाई गई। केंद्र के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य डाटा परीक्षण में पाया गया कि एक अन्य व्यक्ति द्वारा परीक्षा के दौरान अनुचित तरीके से लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अनुचित साधनों के उपयोग की पुष्टि
जांच में 12 अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधन उपयोग (यूएफएम) की पुष्टि होने पर अभ्यर्थिता निरस्त कर दी गई। आरोपित अभ्यर्थियों में आशुतोष, विवेक शर्मा, कुलदीप, सुभाष सिंह, दयाशंकर कुशवाह, रवि कुमार, अनिल कुमार, शैलेन्द्र बोहरे, अंकित सिंह, संजीत, पुष्पेन्द्र, आशु गुप्ता शामिल हैं।











